रायपुर: छत्तीसगढ़ के बस्तर में आयोजित विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के दौरान शुक्रवार काे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जगदलपुर पहुंचेंगी। वे मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी और सिरहासार भवन में आयोजित होने वाले पारंपरिक मुरिया दरबार में हिस्सा लेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति सुबह 11:15 बजे जगदलपुर एयरपोर्ट पर उतरेंगी। इसके बाद वे मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी। राष्ट्रपति सुबह 11:37 बजे से दोपहर 12:35 बजे तक सिरहासार भवन में आयोजित होने वाले पारंपरिक मुरिया दरबार में हिस्सा लेंगी।
बस्तर दशहरा की प्रमुख परंपराओं में शामिल मुरिया दरबार में स्थानीय परंपराओं, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय मुद्दों का विशेष महत्व रहता है। मुरिया दरबार में सहभागिता के बाद राष्ट्रपति लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगी। उनके इस दौरे को बस्तर की सांस्कृतिक परंपराओं और आदिवासी विरासत के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर में मौजूद रहेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री सुबह 8:40 बजे रायपुर से विमान के जरिए जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। जगदलपुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके पश्चात वे मुरिया दरबार के कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर में लालबाग मैदान में आयोजित बस्तर दशहरा समारोह में भी उनकी उपस्थिति प्रस्तावित है।

