महापौर सौरभ थपलियाल ने स्व. अनिल रावत की स्मृति में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का किया शुभारंभ

देहरादून। नगर निगम देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल ने कुंवावाला क्रिकेट ग्राउंड में पूर्व अधिवक्ता एवं डीएवी महाविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ सचिव स्वर्गीय अनिल रावत की स्मृति में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागी टीमों और आयोजनकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।

महापौर ने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन न केवल समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दिवंगत व्यक्तित्वों की स्मृतियों को संजोने और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम हैं, बल्कि युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच भी प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के साथ ही समाज में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करते हैं।