अवैध निर्माण पर MDDA की कार्रवाई, इंजीनियर्स एन्कलेव में व्यावसायिक निर्माण सील

-स्वीकृत मानचित्र के बिना बनाया जा रहा था टिन शेड और कमरे, सुनवाई में भी नहीं पेश किए जा सके जरूरी दस्तावेज

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) की ओर से राजधानी में अवैध प्लाटिंग और बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्राधिकरण की टीम ने कावली क्षेत्र स्थित इंजीनियर्स एन्कलेव में बिना स्वीकृत मानचित्र के व्यावसायिक उपयोग के लिए किए जा रहे निर्माण को पुलिस बल की मौजूदगी में सील कर दिया।

प्राधिकरण के अनुसार, मिलन विहार के सामने स्थित संबंधित स्थल पर टिन शेड और कमरों का निर्माण किया जा रहा था। मामले में 12 अक्टूबर 2026 को सुनवाई निर्धारित की गई थी। सुनवाई के दौरान संबंधित पक्ष उपस्थित हुआ, लेकिन व्यावसायिक निर्माण से संबंधित आवश्यक स्वीकृति के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके अतिरिक्त, संबंधित पक्ष की ओर से दिया गया जवाब भी संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उक्त अवैध निर्माण को सील कर दिया।

प्राधिकरण की इस कार्रवाई को शहर में अनियोजित निर्माण पर अंकुश लगाने और भवन निर्माण संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।