देहरादून: भारतीय तटरक्षक बल और हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (एचएमआई), दार्जिलिंग के संयुक्त अभियान दल ने 7,045 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट ईस्ट का सफल आरोहण किया है। तटरक्षक बल के इतिहास में सात हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाली किसी पर्वत चोटी पर पहुंचने का यह पहला सफल अभियान है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में अभियान दल का फ्लैग-इन किया।
एचएमआई के प्राचार्य कर्नल रजनीश जोशी के नेतृत्व में यह अभियान 15 सितंबर से नौ अक्टूबर 2026 तक संचालित किया गया। उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर अभियान को प्रदेश को समर्पित किया गया। दल ने शिखर पर 2,500 वर्ग फुट का उत्तराखंड का ध्वज भी फहराया।
मुख्यमंत्री ने अभियान दल के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि हिमालय की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में इस तरह की उपलब्धि साहस, अनुशासन और टीम भावना को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। ऐसे अभियान युवाओं को साहसिक गतिविधियों से जुड़ने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देते हैं।
कर्नल रजनीश जोशी ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल वर्ष 2027 में अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे करेगा। इस अवसर पर प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारियों के तहत पर्वतारोहियों के चयन और प्रशिक्षण की जिम्मेदारी एचएमआई को दी गई है। माउंट मुकुट ईस्ट का आरोहण इसी तैयारी का हिस्सा था।
उन्होंने बताया कि एवरेस्ट अभियान की तैयारियों के क्रम में दल इससे पहले सिक्किम हिमालय में माउंट बीसी रॉय और माउंट थिंचेनखांग का भी सफल आरोहण कर चुका है। इन अभियानों से पर्वतारोहियों को उच्च हिमालयी परिस्थितियों में काम करने, तकनीकी दक्षता बढ़ाने और सामूहिक समन्वय का अनुभव मिला है।
कार्यक्रम में भारतीय तटरक्षक बल के अपर महानिदेशक आनंद प्रकाश बडोला, उप महानिरीक्षक हिमांशु नौटियाल और डीएस चौहान, कमांडेंट अमित उनियाल और विश्वजीत सिंह तथा एचएमआई के पासांग तेनजिंग शेरपा सहित अभियान दल के सदस्य मौजूद थे।

