देहरादून। नगर निगम देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 95, 64 और 67 का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में नालियों की स्थिति का जायजा लिया और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जल निकासी की व्यवस्थाओं को गंभीरता से लेते हुए मेयर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यकतानुसार नालियों के निर्माण एवं सुधार कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रस्तावित कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि शहर में बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल निकासी से संबंधित समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि बरसात सहित अन्य परिस्थितियों में नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर, सुगम और सुविधाजनक नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए आवश्यक विकास एवं सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

