देहरादून। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने आज बीजापुर गेस्ट हाउस, देहरादून में सफाई कर्मचारियों के अधिकारों, सामाजिक एवं आर्थिक कल्याण तथा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने कहा कि सफाई कर्मचारी और पर्यावरण मित्र शहरों एवं समाज को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना प्रशासन के साथ-साथ समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उनका समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र सफाई कर्मचारियों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया। बैठक में अपर सचिव/निदेशक, शहरी विकास विनोद गिरि गोस्वामी, एडीएम के.के. मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।