मौसम में सुधार के बाद चारधाम यात्रा फिर शुरू, जिलाधिकारियों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार निर्णय के निर्देश

देहरादून। मौसम की स्थिति में सुधार के बाद उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को पुनः सुचारू कर दिया गया है। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने बताया कि इस संबंध में सभी संबंधित जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। आयुक्त ने बताया कि मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान को देखते हुए यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत 26 सितंबर की दोपहर से 27 सितंबर 2026 तक चारधाम यात्रा स्थगित की गई थी। अब मौसम में सुधार होने के बाद यात्रा को दोबारा संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि संबंधित जिलाधिकारी अपने-अपने जिलों की स्थानीय परिस्थितियों का आकलन करते हुए यात्रा संचालन को लेकर आवश्यक निर्णय ले सकते हैं। यदि किसी स्थान पर यात्रा मार्ग अवरुद्ध होता है या अत्यधिक वर्षा एवं अन्य प्रतिकूल मौसम की स्थिति उत्पन्न होती है, तो जिलाधिकारी अपने स्तर से यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर सकते हैं। आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन की ओर से मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने यात्रियों और श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की स्थिति की जानकारी अवश्य लें और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ही चारधाम यात्रा करें।