देहरादून। उत्तरकाशी जनपद के प्रवास के दूसरे दिन मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद बर्द्धन ने शनिवार को गंगोत्री धाम पहुंचकर मां गंगा और भगवान श्री विश्वनाथ के दर्शन किए। उन्होंने शक्ति मंदिर में भी विधिवत पूजा-अर्चना की और मां गंगा से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्य सचिव ने गंगोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने धाम में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मुख्य सचिव ने अधिकारियों को व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा। उन्होंने घाटों पर नियमित साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर एवं घाटों के आसपास स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को दर्शन और स्नान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न होने देने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।