ख्योड़ (मंडी): मेले और मंदिर हिमाचल प्रदेश की अनमोल धरोहर हैं और इन्हें राजनीति का अखाड़ा नहीं बनाया जाना चाहिए। सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इनमें शामिल होना चाहिए।” यह बात प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नाचन विधानसभा क्षेत्र के ख्योड़ में आयोजित सात दिवसीय जिला स्तरीय नलवाड़ मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही।
गुरुवार को मेले के समापन अवसर पर पहुंचे डिप्टी सीएम ने पारंपरिक शोभायात्रा में भी भाग लिया। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं, इसलिए इनमें राजनीति का कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
समारोह के दौरान हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति विकास निगम के अध्यक्ष लाल सिंह कौशल तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष नरेश चौहान ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्कूली बच्चों ने बांधा समां
समापन समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का विशेष आकर्षण रहा। ‘क्यूट पहाड़न’ फेम कुमारी अराध्या और डीएवी स्कूल बासा के बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय संस्थान की ओर से नशामुक्ति का संदेश देते हुए प्रेरक वक्तव्य प्रस्तुत किया गया।
ये गणमान्य लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में राज्य जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा चंपा ठाकुर, राज्य सहकारी बैंक निदेशक मंडल के सदस्य केशव नायक, कांग्रेस महासचिव बलविंद्र बबलू, अखिल अग्निहोत्री तथा एसडीएम देवीराम समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्ति और ग्रामीण उपस्थित रहे।