नैनीताल। नगर के ऐतिहासिक श्री नंदा देवी महोत्सव के समापन अवसर पर जिलाधिकारी नैनीताल ने नगर क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थानों में 23 सितंबर 2026 को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। महोत्सव का समापन 23 सितंबर को प्रस्तावित है। इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा के साथ मां नंदा-सुनंदा के डोला विसर्जन का धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
महोत्सव के समापन अवसर पर नैनीताल नगर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। इसके चलते नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी के आदेश के तहत नैनीताल नगर क्षेत्र में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, गैर-सरकारी (निजी) विद्यालयों और महाविद्यालयों में 23 सितंबर 2026 को एक दिवसीय अवकाश रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य महोत्सव के दौरान भीड़ और यातायात के बीच विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।