देहरादून। मुख्य सेवक सदन में आयोजित मातृशक्ति संवाद एवं सम्मान समारोह में महिलाओं ने केंद्र और राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं पर आधारित गीत प्रस्तुत कर अपने अनुभव साझा किए। महिलाओं ने गीत के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति अपना विश्वास और आभार व्यक्त किया।
संवाद के दौरान भावुक क्षण उस समय आया, जब एक महिला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक अपनी बात पहुंचाने की इच्छा व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष मधुर गीत प्रस्तुत किया। ‘हमें तो मोदी ने बहुत कुछ दिया है, बहुत शुक्रिया है’ गीत के माध्यम से उन्होंने महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों का उल्लेख किया।
गीत में महिलाओं को बिना ब्याज ऋण, लखपति दीदी योजना, महिला स्वयं सहायता समूहों के गठन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया गया कि महिला सशक्तिकरण से जुड़ी नीतियों के चलते महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से आगे बढ़ रही हैं। गीत के माध्यम से महिला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपना स्नेह और आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने गीत के जरिए महिला सशक्तिकरण से जुड़े बदलावों को भी स्वर दिया। उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि महिलाएं अब केवल सरकारी योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार के रूप में आगे बढ़ रही हैं।