उत्तराखंड फिल्म पुरस्कार 2024-25 के लिए आवेदन शुरू, 5 अक्टूबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

देहरादून। उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद की ओर से उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के अंतर्गत प्रथम उत्तराखंड फिल्म पुरस्कार-2024 एवं 2025 का आयोजन किया जा रहा है। पुरस्कारों के माध्यम से उत्तराखंड में फिल्म क्षेत्र से जुड़े रचनाकारों और प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।

इन पुरस्कारों के तहत वर्ष 2024 एवं 2025 में उत्तराखंड में निर्मित अथवा फिल्मांकित फिल्मों को शामिल किया जाएगा। उत्तराखंड की क्षेत्रीय बोलियों, हिंदी तथा भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल अन्य भाषाओं में बनी फिल्मों के साथ ही फिल्म विधा से जुड़े व्यक्तियों को उनकी रचनात्मकता, उत्कृष्टता और उत्तराखंड के फिल्म क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

ऑनलाइन होंगे आवेदन
उत्तराखंड फिल्म पुरस्कार की सभी श्रेणियों के लिए आवेदन ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। पुरस्कार श्रेणियों, पात्रता, नियम एवं शर्तों तथा आवेदन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद की आधिकारिक वेबसाइट ufdc.uk.gov.in पर उपलब्ध है। आवेदक 5 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।