नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि भारत और बेल्जियम यूक्रेन तथा पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों के जल्द समाधान के लिए सभी प्रयासों का समर्थन करते हैं। दोनों देशों ने बातचीत, कूटनीति और कानून के शासन के महत्व पर जोर दिया है। पीएम मोदी ने यह बात बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर के साथ संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कही।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और बेल्जियम क्षेत्रीय एवं वैश्विक घटनाक्रमों को लेकर समान दृष्टिकोण रखते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश कानून के शासन, संवाद और कूटनीति में विश्वास करते हैं। चाहे यूक्रेन का मामला हो या पश्चिम एशिया में संघर्ष, दोनों देश शांति स्थापित करने और विवादों के शीघ्र समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों का समर्थन करते हैं। उन्होंने आतंकवाद के सभी स्वरूपों को समाप्त करने की साझा प्रतिबद्धता भी दोहराई।
वैश्विक उथल-पुथल के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया इस समय गंभीर उथल-पुथल और अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है। विभिन्न क्षेत्रों में संघर्षों का असर खाद्य एवं ईंधन की कीमतों से लेकर वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला तक दिखाई दे रहा है। इसके बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने अपनी गति बनाए रखी है। उन्होंने बताया कि भारत ने पिछली तिमाही में 7.8 प्रतिशत की विकास दर दर्ज की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की विकास यात्रा अब दुनिया के लिए भरोसे और नए अवसरों का माध्यम बन रही है।
भारत-ईयू FTA से सहयोग को मिलेगी नई मजबूती
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस वर्ष की शुरुआत में भारत और यूरोपीय संघ के बीच ऐतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) हुआ है। उन्होंने कहा कि दुनिया की दो बड़ी लोकतांत्रिक ताकतों के बीच अभूतपूर्व सहयोग वैश्विक स्थिरता, आर्थिक विकास और साझा समृद्धि को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
नवीकरणीय ऊर्जा पर समझौता, क्रिटिकल मिनरल्स और सेमीकंडक्टर पर सहयोग
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और बेल्जियम के बीच हाईटेक तकनीक तथा स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा का भविष्य और विश्वसनीय आपूर्ति श्रृंखला दोनों देशों की साझा प्राथमिकताएं हैं। इस दौरान नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के बीच सहयोग को नई गति देगा। उन्होंने बताया कि महत्वपूर्ण खनिजों यानी क्रिटिकल मिनरल्स के प्रसंस्करण और रिसाइक्लिंग में भी सहयोग बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। वहीं, सेमीकंडक्टर क्षेत्र में बेल्जियम की विशेषज्ञता और भारत का बड़ा बाजार एवं उत्पादन क्षमता एक-दूसरे के पूरक साबित हो सकते हैं।
दो दशकों बाद बेल्जियम के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा
बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत आए हैं। फरवरी 2025 में पदभार संभालने के बाद यह उनकी प्रधानमंत्री के रूप में पहली भारत यात्रा है। वहीं, करीब दो दशक बाद बेल्जियम के किसी प्रधानमंत्री की यह पहली भारत यात्रा भी है। डी वेवर के साथ बेल्जियम के रक्षा मंत्री थियो फ्रैंकेन, वरिष्ठ अधिकारी, उद्योगपति और रक्षा उद्योग के प्रतिनिधियों सहित एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। प्रतिनिधिमंडल की यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा और व्यापार समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करना है।