देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने प्रदेश में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न रोपवे परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्रिडकुल को प्रदेश में रोपवे परियोजनाओं के प्रभावी संचालन एवं नियमन के लिए रोपवे रेगुलेशन और रूल्स शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि सभी रोपवे परियोजनाओं से संबंधित लंबित प्रक्रियाओं, भूमि संबंधी प्रकरणों तथा आपसी समन्वय से जुड़े विषयों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में रोपवे कनेक्टिविटी उत्तराखंड की पर्यटन और यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक रोपवे परियोजना में पार्किंग डेवलपमेंट को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
मुख्य सचिव ने श्री केदारनाथ धाम और हेमकुंट साहिब रोपवे परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन और कार्यदायी संस्था के बीच बेहतर समन्वय के लिए उन्होंने नोडल अधिकारी नामित करने को भी कहा। नैनीताल क्षेत्र की रोपवे परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने रानीबाग-ज्योलीकोट-हनुमानगढ़ी-कैंचीधाम तथा रानीबाग-भीमताल-भवाली रोपवे परियोजनाओं में NHLML एवं UKMRC के बीच आपसी तालमेल से समाकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा पर्यटन विभाग के अधीन निर्माणाधीन जोशीमठ-औली-गोरसों, रैथल-बारसू और पुरकुल रोपवे परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने इन परियोजनाओं की नियमित एवं प्रभावी समीक्षा करते हुए आवश्यक प्रक्रियाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने यमुनोत्री-जानकी चट्टी, हनुमानचट्टी-पूर्णागिरि और तपोवन-कुंजपुरा रोपवे परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के साथ ही भूमि संबंधी मामलों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा, ताकि परियोजनाओं की आगे की कार्यवाही में किसी प्रकार का विलंब न हो।
बैठक में सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, अपर सचिव विनीत कुमार सहित NHLML एवं UKMRC के अधिकारी तथा संबंधित जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।