सीएम धामी ने खटीमा में किया नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में नवनिर्मित नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क परिसर में पौधरोपण करने के साथ ही पार्क का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने खटीमा के विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तारीकरण, वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित करने, खटीमा में स्टेडियम एवं क्रियाशाला के निर्माण, सर्किट हाउस बनाने तथा वेंडिंग जोन विकसित करने की घोषणा की। साथ ही, पार्क परिसर में महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक शौचालय बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा की भौगोलिक स्थिति पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलाश की ओर जाने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए खटीमा में सर्किट हाउस का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर वन ऑक्सीजन पार्क के निर्माण से क्षेत्रवासियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध होगा। पार्क को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्थानीय लोगों से पार्क के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

पर्यावरण संरक्षण के साथ आर्थिक विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक तापवृद्धि और जलवायु परिवर्तन की बढ़ती चुनौतियों के बीच वनों एवं पर्यावरण का महत्व और अधिक बढ़ गया है। इकोलॉजी और इकोनॉमी एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं। प्रकृति और पर्यावरण के साथ संतुलन बनाते हुए आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इससे आने वाली पीढ़ियों के लिए रोजगार और आजीविका के स्थायी अवसर भी सृजित किए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में राज्य देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने नगर वन ऑक्सीजन पार्क विकसित किए जाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सरिता राणा, दायित्वधारी श्रीमती मोहिनी पोखरिया, गंभीर सिंह धामी, डॉ. अनिल कपूर ‘डब्बू’, किशन सिंह किन्ना, रणजीत सिंह नामधारी, आयोग के सदस्य डॉ. जेड. ए. वारसी, गुड्डू टम्टा, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, रणदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, वन संरक्षक नीतिशमणि त्रिपाठी, डीएफओ दीपक सिंह, यू.सी. तिवारी, एडीएम कौस्तुभ मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।