मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी: 2.35 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण

देहरादून। प्रदेश के युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन 1 सितंबर से पूरे उत्तराखंड में एक साथ शुरू होगा। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर खेल मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को सचिवालय स्थित एनआईसी सभागार से सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की।

बैठक में खेल मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के प्रत्येक ब्लॉक से कम से कम 2 हजार खिलाड़ियों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला योजना से बजट बढ़ाने के प्रयास करने को भी कहा, ताकि खिलाड़ियों के रहने, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे।

मंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष करीब 1.62 लाख खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था, जबकि इस वर्ष अब तक 2.35 लाख से अधिक खिलाड़ी पंजीकरण करा चुके हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित है। ऐसे में अंतिम तिथि तक खिलाड़ियों की संख्या में और वृद्धि होने की उम्मीद है। इस वर्ष प्रतियोगिताओं में 8 से 14 वर्ष तथा 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। इसके अलावा महिला ओपन वर्ग और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी अलग से प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

रेखा आर्या ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर प्रतिभावान खिलाड़ी को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देना है। खेलों के माध्यम से उत्तराखंड के युवाओं को नई पहचान दिलाने और उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करने के लिए प्रतियोगिता का आयोजन व्यापक स्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को प्रतियोगिताओं के आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने तथा सभी जिलों में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।

बैठक में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, निदेशक दीप्ति सिंह, खेल अपर निदेशक अजय अग्रवाल, राजेश ममगाईं, शक्ति सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।