देहरादून। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भागीरथी इंटरनेशनल स्कूल के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने नगर निगम देहरादून स्थित कार्यालय पहुंचकर मेयर सौरभ थपलियाल को राखी बांधी। बच्चों के स्नेह और अपनत्व से रक्षाबंधन का पर्व और भी खास हो गया।
इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल ने बच्चों के साथ रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं और उन्हें उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन प्रेम, विश्वास और भाई-बहन के अटूट रिश्ते का सुंदर प्रतीक है। बच्चों की मासूमियत और स्नेह ने इस पर्व की खुशियों को और बढ़ा दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मेयर को राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह और आपसी विश्वास का संदेश दिया। इस आत्मीय मुलाकात ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया। इस अवसर पर पार्षद रमेश चंद्र गौड़, पार्षद रेनू घेल, नरेंद्र चमोली, विद्यालय की प्रधानाचार्य निधि किमोला सहित शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।