रुद्रपुर जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी पर गरमाई सियासत, पूर्व विधायक ठुकराल समर्थकों समेत हिरासत में

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के रुद्रपुर जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का मुद्दा गुरुवार को सियासी रूप से गरमा गया। जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपने जा रहे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल को पुलिस ने उनके समर्थकों समेत हिरासत में ले लिया। ठुकराल ने अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को गंभीर जनहित का मुद्दा बताते हुए सरकार से रिक्त पदों पर जल्द नियुक्तियां करने की मांग की।

दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को रुद्रपुर में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। इसी दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल अपने समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं से संबंधित ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। पुलिस को इसकी जानकारी मिलते ही उन्हें कार्यक्रम स्थल से पहले ही रोक लिया गया और समर्थकों समेत हिरासत में ले लिया गया।

राजकुमार ठुकराल ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय उधम सिंह नगर का प्रमुख सरकारी अस्पताल है, जहां रुद्रपुर के अलावा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। अस्पताल में पर्याप्त संख्या में विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को बेहतर उपचार के लिए कई बार दूसरे बड़े अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि रेफर किए जाने से मरीजों और उनके परिजनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। साथ ही उन्हें समय और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ठुकराल ने सरकार से जिला अस्पताल में रिक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द भरने की मांग की।

पूर्व विधायक ने कहा कि उनका उद्देश्य मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विरोध करना या उसमें किसी प्रकार का व्यवधान पैदा करना नहीं था। वे केवल जिला अस्पताल की गंभीर समस्या को मुख्यमंत्री के सामने रखकर उसके समाधान की मांग करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि “डॉक्टरों की कमी सीधे तौर पर आम जनता और मरीजों के हित से जुड़ा विषय है और सरकार को इस पर तत्काल निर्णय लेना चाहिए।” वहीं, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी थी। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश को लेकर भी सख्ती बरती गई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत निर्धारित व्यवस्था का हिस्सा नहीं होने वाले किसी भी व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने की अनुमति नहीं दी गई।

बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बारिश के बीच गुरुवार को रुद्रपुर पहुंचे, जहां उन्होंने जेसीज पब्लिक स्कूल ग्राउंड में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। बारिश के बावजूद मुख्यमंत्री निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्कूल परिसर पहुंचे। उनके आगमन को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से पहले से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री के स्कूल परिसर पहुंचने पर विद्यार्थियों ने उनका अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने भी विद्यार्थियों का अभिवादन स्वीकार किया और कार्यक्रम स्थल की ओर जाते समय बच्चों से हाथ मिलाया। मुख्यमंत्री के विद्यार्थियों से मिलने के दौरान बच्चों में खासा उत्साह नजर आया।