देहरादून। नगर आयुक्त, नगर निगम देहरादून ने नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षित आवागमन और निर्माण एवं विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर के सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत मुख्य मार्गों, आंतरिक गलियों और संपर्क मार्गों के किनारे उगी घास-झाड़ियों, कूड़ा-कचरा तथा अन्य अपशिष्ट को तत्काल हटाया जाएगा। सफाई कार्यों की वार्डवार दैनिक रिपोर्ट फोटोग्राफ सहित प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
वर्षा और जलभराव के कारण क्षतिग्रस्त तथा गड्ढायुक्त नगर निगम की सड़कों का स्थलीय सर्वेक्षण कराकर 15 दिनों के भीतर आवश्यक मरम्मत एवं पैचवर्क कराने के निर्देश दिए गए हैं। नगर की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के साथ ही मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की नियमित समीक्षा भी की जाएगी। निर्माण एवं विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कार्य शुरू होने से पहले स्थल निरीक्षण, जीपीएस लोकेशन सहित फोटोग्राफ और कार्य की आवश्यकता का प्रमाण-पत्र पत्रावली में अनिवार्य रूप से संलग्न किया जाएगा। इसके अलावा कार्य शुरू होने से पहले और कार्य पूर्ण होने के बाद एक ही दिशा से Before-After फोटोग्राफ लिए जाएंगे, ताकि कार्य की वास्तविक प्रगति का स्पष्ट रिकॉर्ड उपलब्ध रहे।
प्रस्तावित कार्यों की डुप्लीकेसी रोकने और सार्वजनिक धन के उचित उपयोग के लिए यह भी सत्यापित किया जाएगा कि संबंधित स्थल पर समान प्रकृति का कोई कार्य किसी अन्य योजना या विभाग के माध्यम से पहले से स्वीकृत अथवा प्रस्तावित तो नहीं है। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि निर्धारित प्रक्रिया और मानकों का पालन नहीं होने की स्थिति में संबंधित कार्य के भुगतान की कार्रवाई नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता का उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नागरिक सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षित आवागमन और गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता में रखे जाएं तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।