मुख्यमंत्री धामी ने पेयजल और सीवर योजनाओं के लिए करोड़ों की धनराशि की स्वीकृत

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में पेयजल, सीवर और अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को गति देने के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार जनपद की हरिद्वार (गंगा) शाखा के ज्वालापुर जोन-3 में विभिन्न व्यास की सीवर लाइनों को बदलने के लिए 2.95 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इससे क्षेत्र में सीवर व्यवस्था को बेहतर बनाने और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी।

इसी क्रम में उत्तरकाशी जिले की पुरोला शाखा के अंतर्गत विकासखंड मोरी की सांकरी पेयजल योजना के लिए 3.05 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। योजना से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

वहीं, टिहरी जनपद के विकासखंड हिंडोलाखाल के ग्राम महड़जाली में उमरेश्वर माछर पेयजल पंपिंग योजना के निर्माण के लिए 26.44 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है। इस योजना के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधा को और बेहतर बनाने की उम्मीद है।

इसके अतिरिक्त चंपावत जनपद में जिला न्यायाधीश के आवासीय भवन के निर्माण के लिए 5.31 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री की ओर से स्वीकृत इन योजनाओं से संबंधित क्षेत्रों में पेयजल एवं सीवर सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ आवश्यक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने में मदद मिलेगी।