रक्षाबंधन पर्व पर सीएम धामी ने महिलाओं को दिया तोहफा, रोडवेज बसों में 2 दिन फ्री सफर

देहरादून। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। राज्य की महिलाएं 28 और 29 अगस्त 2026 को उत्तराखंड के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में शत-प्रतिशत किराया छूट के साथ नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी।

इस संबंध में उत्तराखंड शासन की ओर से शासनादेश जारी कर उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शासनादेश के अनुसार रक्षाबंधन के अवसर पर इन दोनों दिनों में प्रदेश की महिलाओं को निगम की बसों में यात्रा के लिए कोई किराया नहीं देना होगा।

रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिजनों से मिलने के लिए यात्रा करती हैं। सरकार के इस निर्णय से उन्हें पर्व के दौरान सुरक्षित, सुगम और नि:शुल्क सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। इससे महिलाओं को आर्थिक राहत मिलने के साथ ही उनके आवागमन को भी आसान बनाया जा सकेगा।

अपर सचिव उत्तराखंड शासन रीना जोशी की ओर से जारी शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि महिलाओं को नि:शुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के कारण उत्तराखंड परिवहन निगम पर पड़ने वाले व्ययभार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार करेगी। परिवहन विभाग ने निगम को शासनादेश के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

सरकार का यह निर्णय रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की बहनों के लिए महिला सम्मान, सुविधा और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।