देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर शुरू किए गए ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ अभियान को प्रदेशभर के विद्यार्थियों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। ‘सीएम विद्यार्थी मंथन डॉट कॉम’ पोर्टल पर अब तक 35 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने अपने निबंध लिखकर ऑनलाइन अपलोड कर दिए हैं। निबंध अपलोड करते ही विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जा रहा है, जिससे उनमें अभियान को लेकर उत्साह बढ़ रहा है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 10 अगस्त को प्रदेश के करीब तीन लाख कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के साथ ऑनलाइन संवाद एवं मंथन किया था। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से राज्य के विकास को लेकर अपने विजन और विचारों को निबंध के रूप में ऑनलाइन भेजने का आह्वान किया था।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी समेत विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि विद्यार्थियों के विचारों का स्वयं अवलोकन कर उपयोगी सुझावों को राज्य की नीतियों में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।
140 श्रेष्ठ विचारों को मिलेगा विशेष अवसर
मुख्यमंत्री ने अभियान के तहत 140 श्रेष्ठ विचार प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को शासन के सचिवों के साथ विचार-विमर्श करने तथा स्वयं मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा करने का अवसर देने की बात कही थी। सरकार ने श्रेष्ठ विचार प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को करियर और परीक्षा की तैयारियों में स्कॉलरशिप देने के साथ अन्य पुरस्कार देने की भी घोषणा की है। सरकार की इन घोषणाओं के बाद अभियान में प्रदेशभर से लगातार ऑनलाइन प्रविष्टियां प्राप्त हो रही हैं और अब इनकी संख्या 35 हजार के पार पहुंच गई है।
सरकारी और निजी स्कूलों से मिल रहा समर्थन
अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल ने बताया कि यह देश में अपनी तरह का पहला ऐसा अभियान है, जिसमें जेनरेशन Z और जेनरेशन अल्फा दोनों के विद्यार्थी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों की ओर से अभियान को व्यापक समर्थन मिल रहा है और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लगातार निबंध पोर्टल पर अपलोड किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 24 अगस्त निबंध अपलोड करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने विचार पोर्टल पर साझा करें।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इस अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और प्रतिदिन इसकी समीक्षा कर रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि सरकार इस पहल के माध्यम से प्रदेश के युवाओं के विचारों और विजन को राज्य के भविष्य के विकास से जोड़ने को विशेष महत्व दे रही है।