गोपेश्वर। हाट-सियासैंण, मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुई दुर्घटना के बाद लापता श्रमिकों की तलाश एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। रेस्क्यू अभियान के दौरान एक और श्रमिक को टनल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिसे तत्काल जिला चिकित्सालय, गोपेश्वर भेजा गया।
एक श्रमिक के बाहर निकलने के बाद अब एकमात्र लापता श्रमिक की तलाश शेष है। उसकी खोज के लिए रेस्क्यू टीमें युद्धस्तर पर अभियान चला रही हैं। टनल के भीतर संभावित स्थानों पर सघन सर्च ऑपरेशन जारी है।
रेस्क्यू कार्य में तेजी लाने के लिए टनल के भीतर जमा कीचड़ और मलबे को लगातार हटाया जा रहा है। साथ ही पानी की निकासी का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। सक्शन पंपों समेत अन्य आवश्यक उपकरणों की मदद से पानी और स्लज को बाहर निकाला जा रहा है, जिससे रेस्क्यू टीमों की आवाजाही सुगम हो सके और संभावित स्थानों तक पहुंचकर लापता श्रमिक की तलाश की जा सके।
राहत एवं बचाव अभियान में जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ तथा संबंधित विभागों की टीमें आपसी समन्वय के साथ जुटी हुई हैं। अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है और रेस्क्यू कार्य को गति देने के लिए आवश्यक संसाधन एवं उपकरण मौके पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
प्रशासन ने एकमात्र लापता श्रमिक की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। टनल के अंदर सभी संभावित स्थानों पर बारीकी से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। रेस्क्यू टीमें पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रही हैं और लापता श्रमिक तक पहुंचने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।