देहरादून। उत्तराखण्ड सचिवालय रक्षक संघ के द्विवार्षिक चुनाव सचिवालय में सम्पन्न हुए। मुख्य सुरक्षा अधिकारी एवं संघ के संरक्षक तथा मुख्य चुनाव अधिकारी जीवन सिंह बिष्ट ने बताया कि आम सभा में संघ की नई कार्यकारिणी का आगामी दो वर्षों के लिए सर्वसम्मति से निर्वाचन किया गया।
निर्वाचन में विनयपाल सिंह को अध्यक्ष, पूनम को उपाध्यक्ष तथा दिनेश उनियाल को महासचिव चुना गया। वहीं राकेश रयाल और हेमा चन्द को संयुक्त सचिव तथा मनोज पंवार को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में आशीष कुमार, नीरज कुमार, नीशू, सूचिता, विशाल और रीना नेगी का भी सर्वसम्मति से निर्वाचन हुआ।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संघ के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संगठन की एकजुटता बनाए रखने, कर्मचारियों के हितों की पैरवी करने तथा संघ की गतिविधियों को अधिक प्रभावी और सक्रिय बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।