देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने आज लोक भवन में वसंतोत्सव-2026 की स्मृतियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक ‘Floral Healing: Nature’s Path to Well-Being’ का विमोचन किया।
यह पुस्तक उत्तराखंड के पुष्प वैभव के साथ प्रदेश की समृद्ध जैव-विविधता, प्राकृतिक संपदा, संस्कृति और पुष्प उत्पादन की संभावनाओं को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करती है। पुस्तक में पुष्प उत्पादक किसानों के परिश्रम और उनके योगदान को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है।
राज्यपाल ने कहा कि फूलों की सुंदरता मन को आनंद और सुकून प्रदान करती है। प्रकृति से जुड़ाव व्यक्ति के जीवन में संतुलन, सकारात्मकता और मानसिक प्रसन्नता का संचार करता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से उत्तराखंड की प्राकृतिक एवं पुष्पीय संपदा को देश-दुनिया के सामने बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।
उन्होंने वसंतोत्सव की सुंदर परंपरा को आगे बढ़ाने और इसकी स्मृतियों को पुस्तक के रूप में संजोने के लिए उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग सहित आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड में पुष्प उत्पादन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। पुष्पोत्पादन को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि के साथ-साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत किया जा सकता है।