जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से मिले मेयर सौरभ थपलियाल, समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

देहरादून। देहरादून नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल ने बुधवार को नगर निगम कार्यालय में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधियों, सम्मानित नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान महापौर ने जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि देहरादून नगर निगम नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, पारदर्शी कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने और जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनता से नियमित संवाद ही सुशासन का आधार है और नगर निगम जनसहभागिता के साथ शहर के समग्र विकास की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।