हरिद्वार। श्रावण मास कांवड़ मेला-2026 के सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की। पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ निलेश आनंद भरणे एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने हरिद्वार पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारियों के साथ प्रमुख मेला क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने चण्डी चौक, शंकराचार्य चौक, बैरागी कैंप पार्किंग, हरकी पैड़ी सहित प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थलों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों का जायजा लेकर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की। मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, बेहतर समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कंट्रोल सेंटर का भी अवलोकन किया। यहां से हरिद्वार शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और श्रद्धालुओं के आवागमन की लाइव मॉनिटरिंग की समीक्षा की गई। कंट्रोल रूम में तैनात कर्मियों को प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में सुपर जोनल एवं जोनल पुलिस अधिकारियों के साथ वर्तमान व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करते हुए आगामी दिनों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा किसी भी छोटी घटना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को 24×7 सक्रिय रहने और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली प्रत्येक सूचना पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अफवाह, भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों की तत्काल पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक जोन और सेक्टर में सक्षम पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है तथा पुलिस मुख्यालय से भी मेले की लगातार निगरानी की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के लिए एसएसपी हरिद्वार एवं कांवड़ मेला नोडल अधिकारी को निर्देशित किया गया।
समीक्षा बैठक के समापन पर पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ निलेश आनंद भरणे एवं डीआईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने कांवड़ मेला ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों, अर्धसैनिक बलों के जवानों और एसपीओ को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।