देहरादून। पुरानी जेल परिसर स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक पर रविवार, 2 अगस्त 2026 को प्रथम रविवार के अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति द्वारा श्रद्धांजलि एवं संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित करने और राष्ट्रगान के साथ हुई।
बैठक में समिति के सदस्यों से अपील की गई कि वे अपने क्षेत्र के अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रित परिवारों को भी संगठन से जोड़कर इसकी मजबूती में सहयोग करें। इस दौरान समिति के नए सदस्यों का परिचय कराया गया तथा सभी ने अपने पूर्वज स्वतंत्रता सेनानियों की जयंती एवं पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि स्वतंत्रता सेनानी स्मारक स्तंभ के सौंदर्यीकरण के लिए हाईकोर्ट से स्वीकृति मिल चुकी है। समिति की सदस्य श्रीमती आशा टम्टा ने बताया कि जिलाधिकारी से हुई बातचीत में यह स्पष्ट किया गया है कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और स्मारक के जीर्णोद्धार का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
इस अवसर पर शशांक गुप्ता, राजकुमार अग्रवाल, अवधेश पंत, राजीव मनोचा, बृज मोहन भंडारी, वंदना भट्ट, अशोक नागर, अजय देशबंधु, प्रेम खन्ना, सुलोचना इष्टवाल, एस.पी. चौहान, महेंद्र सिंह रावत, राम मनोहर शर्मा, जसवंत सिंह बिष्ट, सुधीर कुमार कौशिक, शशि उपाध्याय, आशा शर्मा, नवीन तथा अशोक गुप्ता सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प भी लिया गया।