विकासनगर। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश से छह माह के लिए देहरादून जनपद से जिला बदर किए गए हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने प्रतिबंध अवधि के दौरान दोबारा विकासनगर में प्रवेश करते ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बाजार चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह गुसाईं ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए दबोचा।
पुलिस के अनुसार आसिफ पुत्र राशिद, निवासी मुस्लिम बस्ती, विकासनगर, को जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर छह माह के लिए जनपद से जिला बदर किया गया था। इसके बावजूद वह प्रतिबंध अवधि समाप्त होने से पहले ही विकासनगर लौट आया। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सिनेमा गली क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा है और चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही बाजार चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह गुसाईं ने कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह के साथ तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गुंडा नियंत्रण अधिनियम, 1970 की धारा 3(1)/10 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर पहले से हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।