रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में चर्चित गैंगरेप मामले में फरार चल रहे तीनों मुख्य आरोपियों को पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य दो आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने गैंगरेप प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेते हुए सभी पुलिस टीमों को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभिन्न पुलिस टीमों ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश और सघन चेकिंग अभियान चलाया।
सोमवार देर रात बगवाड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगे। पीछा कर घेराबंदी किए जाने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया और तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर उनके खिलाफ शस्त्र अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली। उन्होंने विवेचना अधिकारियों को गैंगरेप मामले में सभी आवश्यक साक्ष्य शीघ्र एकत्र कर आरोपियों के विरुद्ध मजबूत चार्जशीट तैयार करने के निर्देश दिए।
पुलिस का कहना है कि गैंगरेप मामले के तीनों वांछित मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ इस प्रकरण में महत्वपूर्ण कार्रवाई पूरी कर ली गई है। अब पुलिस मामले की विवेचना को अंतिम रूप देने के साथ-साथ पुलिस पर फायरिंग और अवैध हथियार बरामद होने के मामलों में भी अलग से कानूनी कार्रवाई कर रही है।