बागेश्वर में भारी बारिश का अलर्ट, 28 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

बागेश्वर। मौसम विभाग, देहरादून द्वारा जनपद में भारी वर्षा की संभावना जताए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए मंगलवार 28 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

जिला प्रशासन ने बताया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। लगातार बारिश और संभावित आपदा की स्थिति को देखते हुए सभी शिक्षण संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।

प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर रखें। साथ ही लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की भी सलाह दी गई है।