देहरादून, 26 जुलाई । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गांधी पार्क, देहरादून में पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के परिजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 136वें संस्करण को सुना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों के जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाला प्रेरणादायी कार्यक्रम बन चुका है। यह समाज के विभिन्न वर्गों को प्रेरित करने के साथ ही विकास और जनभागीदारी से जुड़े विषयों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में डीआरडीओ की उपलब्धियों, रक्षा उत्पादन में भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता, रक्षा निर्यात, जल संरक्षण, हस्तशिल्पों के संवर्धन तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों का ध्यान आकर्षित किया। यह संदेश आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाने वाला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत रक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार और आर्थिक विकास के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सीमांत क्षेत्रों का विकास तेजी से हो रहा है और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जन-जन का सपना साकार हो रहा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, दायित्वधारी सुभाष बड़थ्वाल, सचिव युगल किशोर पंत, मेजर जनरल सम्मी सभरवाल (सेवानिवृत्त) सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।