देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जन समस्या का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तय समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनहित और सुशासन के सिद्धांत पर कार्य कर रही है तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने और प्रत्येक शिकायत का जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करने को कहा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेशवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सरकार का दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों से निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने और शिकायत निवारण प्रक्रिया को अधिक जवाबदेह एवं जनहितैषी बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप और आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप को प्राप्त जन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान जिला अथवा विभागीय स्तर पर संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए, जबकि उच्च स्तर पर निर्णय अपेक्षित मामलों को शीघ्र संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा जाए।