देहरादून। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने गुरुवार को लोक भवन में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया का आत्मीय स्वागत किया। श्रावण मास के पावन अवसर पर दोनों राज्यपालों ने परिसर स्थित राज प्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से समस्त जनमानस के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
पूजा-अर्चना के उपरांत दोनों राज्यपालों के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा उत्तराखंड और पंजाब में संचालित श्रेष्ठ प्रशासनिक एवं विकासात्मक कार्यप्रणालियों (बेस्ट प्रैक्टिसेज) के परस्पर आदान-प्रदान को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
बैठक के दौरान सुशासन, जनकल्याण और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने पर भी विचार-विमर्श किया गया। दोनों राज्यपालों ने अनुभवों के आदान-प्रदान को राज्यों के समग्र विकास और जनहित में महत्वपूर्ण बताया।