देहरादून। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन को स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहें।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जहां कहीं भी भारी बारिश, भूस्खलन या सड़क बंद होने जैसी स्थिति उत्पन्न हो, वहां जिला प्रशासन तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करे। प्रभावित लोगों को समय पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा राहत एवं बचाव दल पूरी तरह तैयार रहें।
उन्होंने अधिकारियों को सड़क, बिजली, पेयजल और संचार जैसी आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र बहाल करने के निर्देश भी दिए। साथ ही चारधाम यात्रा मार्ग सहित सभी प्रमुख सड़कों की स्थिति पर लगातार नजर रखने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने को कहा।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों और राज्य में आने वाले यात्रियों से मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की। उन्होंने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों तथा उफनते नदी-नालों के आसपास नहीं जाने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की सलाह दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है और किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।