देहरादून। देहरादून महायोजना-2041 के तहत लीची बाग स्थित 4 न्यू कैंट रोड, दिलाराम चौक में आयोजित जनसुनवाई शिविर में नागरिकों, भू-स्वामियों, व्यापारिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में प्रतिभागियों ने शहर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराईं।
जनसुनवाई के दौरान सड़क, यातायात, पार्किंग, हरित क्षेत्र, जल निकासी और अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए। अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त सुझावों और आपत्तियों का तकनीकी एवं विधिक परीक्षण किया जाएगा तथा उपयुक्त पाए जाने वाले प्रस्तावों को महायोजना-2041 में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही देहरादून के लिए एक सुनियोजित, संतुलित और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप महायोजना तैयार की जा सकती है, जिससे शहर का समग्र एवं सतत विकास सुनिश्चित हो सके।