चम्पावत। जनपद चम्पावत में पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाते हुए गांव-गांव पहुंचकर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव, नशामुक्त समाज के निर्माण और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने घर-घर जाकर ग्रामीणों को साइबर ठगी के नए तरीकों की जानकारी दी तथा किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 1090 एवं अन्य पुलिस सेवाओं का उपयोग करने की सलाह दी।
इसके अलावा ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया गया। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना बिना विलंब पुलिस को देने की अपील भी की।
चम्पावत पुलिस ने कहा कि सतर्क नागरिक ही सुरक्षित समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं, इसलिए जनसहभागिता से ही अपराधों की रोकथाम और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।