अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरेला पर्व के अवसर पर बुधवार को प्रसिद्ध वृद्ध जागेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव की विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हुए राज्य की निरंतर प्रगति एवं जनकल्याण के लिए देवाधिदेव महादेव से आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में कन्याओं को प्रसाद वितरित किया और प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वृद्ध जागेश्वर धाम देश के प्रमुख एवं प्राचीन शिव धामों में से एक है, जो अपनी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के कारण पूरे देश में विशेष पहचान रखता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न विकास परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वृद्ध जागेश्वर धाम आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं।
इस अवसर पर जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर, मंदिर समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।