गोपेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के दौरान चमोली जनपद को 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 113.99 करोड़ रुपये की 36 विकास योजनाओं का शिलान्यास तथा 41.37 करोड़ रुपये की 27 विकास योजनाओं का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पशुपालन, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चमोली के समग्र विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें जोशीमठ-नीति मार्ग के जुग्जू में 4.34 करोड़ रुपये की लागत से स्टील ट्रस पुल, लंगसी-द्वींग-तपोवन-लांज-पोखनी मोटर मार्ग पर 9.62 करोड़ रुपये का 78 मीटर लंबा लौह सेतु, चांदनीखाल-रड़वा-काण्डई-रेंसू मोटर मार्ग का विस्तार, विशालखाल-देवीखेत-बांमेश्वर मोटर मार्ग, नंदानगर क्षेत्र की 13 पर्वतीय नहरों का पुनरोद्धार, विभिन्न बाढ़ सुरक्षा परियोजनाएं, डायट गौचर अनुरक्षण, मॉडल राजकीय पशु चिकित्सालय नंदप्रयाग, पशु चिकित्सालय तलवाड़ी, तथा सेम-तोप में सामुदायिक भवन एवं पार्किंग निर्माण जैसी योजनाएं शामिल हैं।
इसके अलावा राइंका उज्ज्वलपुर भवन, नंदानगर पार्किंग, गोगनापानी-भडूड़ा, गोपेश्वर-पोखरी-बछेर, नौटी-चौण्डली-ल्यूथा, हरनीचक-मुंदोली, थराली-घाट (डुंग्री) और लौहाजंग-वॉक मार्ग सहित कई मोटर मार्गों एवं स्टील गर्डर पुलों के निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने जिन योजनाओं का लोकार्पण किया, उनमें गैरसैंण मुख्य मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स, सेमी-मासों, हापला-गुड़म-नैल-नौली और नंदासैंण-मालई मोटर मार्ग, बीपीएचयू पोखरी एवं जिला चिकित्सालय चमोली में डीआईपीएचएल भवन, विभिन्न विद्यालयों में पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशालाएं एवं आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष, बैरागना ट्राउट इंडोर हैचरी, गोपेश्वर खेल स्टेडियम में दो कोर्ट का बैडमिंटन हॉल, कल्पेश्वर पाथवे एवं आर्क ब्रिज, पाण्डुकेश्वर बहुउद्देशीय सहकारी समिति भवन, तथा तेफना-कण्डारा, कुलसारी-गैरवारम और लोल्टी-मालबज्वाड़-पास्तोली मोटर मार्गों के उन्नयन कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम में चमोली के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, नगर निकायों के जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।