देहरादून। उत्तराखंड फिल्म टेलीविजन एण्ड रेडियो एशोसिएसन (उफतारा) द्वारा “उफतारा” सम्मान समारोह 2026 का आयोजन देहरादून स्थित संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया। इस दौरान संस्था ने सांस्कृतिक, सामाजिक, और उत्तराखंड फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी कई नामी हस्तियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश के कबीना मंत्री सतपाल महाराज, राज्य मंत्री मधू भट्ट, विशिष्ट अतिथि सूचना महानिदेशक, बंसीधर तिवारी, संयुक्त निदेशक, के. एस चौहान मौजूद रहे।
कार्यक्रम आयोजन का उद्देश्य उत्तराखण्ड की संस्कृति, लोक गायकी, फिल्म इंडस्ट्री, रेडियो के क्षेत्र में अपना उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकारों, साहित्यकारों व प्रोत्साहन करने वालों को सम्मान देना था। इस दौरान प्रदेशभर के उत्तराखंडी सिनेमा, गायन, संगीत अभिनय व निर्देशन समेत इससे जुड़ी तमाम हस्तियों को कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों व विशिष्ट अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
उफतारा के अध्यक्ष प्रदीप भंडारी ने बताया कि संस्था विगत कई वर्षों से यह सम्मान समारोह आयोजित करती आ रही है। संस्था का उद्देश्य उत्तराखण्ड के कलाकारों, लोक कलाकारों के हितों के अलावा प्रदेश की फिल्म इंडस्ट्री को मजबूत करना है। जिससे इस जगत से जुड़े लोगों के हितों के अलावा प्रदेश में रोजगार और राजस्व का भंडार बढ़ेगा। भंडारी ने प्रदेश की जनता के साथ प्रवासी लोगों से भी अपील की.. कि हमारी इंडस्ट्री से निर्मित फिल्मों को अवश्य देखें। आपके योगदान से हमारे कलाकारों को प्रोत्साहन तो मिलेगा ही, इसके अलावा हमारी फिल्म इंडस्ट्री को मजबूती मिलेगी। जिससे प्रदेश में कई रोजगार पैदा होने के साथ राजस्व में भी बढ़तरी होगी। और प्रदेश को सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में प्रदेश और प्रदेश से बाहर उत्तराखंडी लोक कला और संस्कृति से जुड़ी जानी मानी हस्तियां मौजूद रहीं। इस दौरान लोक कलाकारों के ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।