स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक पर आयोजित हुआ मासिक कार्यक्रम, स्मारक के सौंदर्यीकरण को हाईकोर्ट की मंजूरी

देहरादून, 7 जून 2026। देहरादून के पुरानी जेल परिसर स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक पर रविवार को माह के प्रथम रविवार के अवसर पर प्रातः 10 बजे “10 मिनट” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित कर तथा राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ किया गया।

कार्यक्रम के दौरान समिति के सदस्यों से अपने आसपास निवास कर रहे अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को भी संगठन से जोड़ने और कार्यक्रमों में सहभागिता के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया, जिससे स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति को और अधिक सशक्त बनाया जा सके। इस अवसर पर कुछ नए सदस्यों का परिचय भी सभी उपस्थितजनों से कराया गया।

सभी सदस्यों ने अपने पूर्वज स्वतंत्रता सेनानियों की जयंती एवं पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। बैठक में यह महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई कि हाईकोर्ट द्वारा स्वतंत्रता सेनानी स्मारक स्तंभ के सौंदर्यीकरण हेतु स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। अब इस दिशा में आगे की आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी। इस निर्णय पर सभी सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला जज का आभार जताया।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा श्रीमती सुलोचना ईष्टवाल को उनके संगठन ‘उत्तराखण्ड मातृशक्ति मंच’ की इकाई का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस उपलब्धि पर सभी सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में राजकुमार अग्रवाल, शशांक गुप्ता, अवधेश पंत, राजीव मनोचा, बृज मोहन भंडारी, विपिन नेगी, अशोक नागर, बृजेंद्र सिंह बिष्ट, अजय देशबंधु, श्रीमती प्रेम खन्ना, श्रीमती श्वेता राणा, जसवंत सिंह बिष्ट, महेंद्र सिंह रावत, राम मनोहर शर्मा, श्रीमती उमा गुप्ता, सुधीर कुमार कौशिक, श्रीमती शशि उपाध्याय, श्रीमती आशा टमटा, श्रीमती आशा शर्मा, नवीन अशोक गुप्ता सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।