मौसम विभाग ने जारी किया उत्तराखंड में तीन दिन के लिए बारिश का अलर्ट

देहरादून 05 जून, 2026। भारतीय मौसम विभाग ने उत्तराखंड में तीन दिन के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग देहरादून के मुताबिक, 5 जून से 7 जून तक उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों और मैदानी क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है. वहीं, कई इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का भी खतरा है।

मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए आगामी तीन दिनों तक बारिश, आकाशीय बिजली और तेज़ हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है. 5 जून को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल समेत कई जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि की संभावना है. इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इसके अलावा पौड़ी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में भी तेज बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों तथा हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।