राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा भाजपा के लिए शुभ: महेंद्र भट्ट

देहरादून, 31 मई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे पर निशाना साधते हुए कहा है कि उनका राज्य में आगमन भाजपा के लिए हमेशा लाभकारी साबित हुआ है। भाजपा ने दावा किया कि उत्तराखंड की जनता सेना और सनातन पर आस्था रखती है और ऐसे नेताओं को स्वीकार नहीं करती, जिन्हें वह इन मूल्यों के विरोधी मानती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा से सांसद महेंद्र भटृ रविवार काे यहां पत्रकाराें से वार्ता कर रहे थे। भट्ट ने कहा कि कांग्रेस सेना और सनातन विरोधी राजनीति करती रही है और राहुल गांधी की छवि भी इसी कारण प्रदेश की जनता के बीच स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस ने समय-समय पर सेना के पराक्रम और सनातन परंपराओं को लेकर ऐसे बयान दिए हैं,जिन्हें जनता ने नकारात्मक रूप में देखा है।

भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड सैन्य परंपराओं वाला प्रदेश है,जहां बड़ी संख्या में परिवारों का सेना से जुड़ाव रहा है। ऐसे में सेना के सम्मान को लेकर जनता बेहद संवेदनशील है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की राष्ट्रवादी सोच वाली जनता कांग्रेस के आरोप-प्रत्यारोप से प्रभावित नहीं होगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि उत्तराखंड को देवभूमि के रूप में जाना जाता है और यहां की सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं से लोगों का गहरा जुड़ाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की नीतियां तुष्टिकरण आधारित रही हैं, जिसके कारण उसे प्रदेश में जनता का व्यापक समर्थन नहीं मिल पा रहा है।

भट्ट ने कांग्रेस की चुनावी संभावनाओं पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि राहुल गांधी के दौरे से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह आ सकता है,लेकिन इससे प्रदेश की राजनीतिक स्थिति में कोई बड़ा बदलाव आने वाला नहीं है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा भाजपा के लिए हमेशा शुभ साबित होता रहा है और इस बार भी स्थिति अलग नहीं होगी।