देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शिलांग पहुँचने पर असम रेजीमेंटल सेंटर स्थित वॉर मेमोरियल में मातृभूमि की रक्षा हेतु अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रसेवा, साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं बलिदान की अमर परंपरा को नमन करते हुए वीर सैनिकों के अदम्य साहस और समर्पण को स्मरण किया।
राज्यपाल ने कहा कि देश की सुरक्षा एवं अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों का बलिदान सदैव राष्ट्र को प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे पावन स्थलों पर उपस्थित होना गौरव एवं भावनात्मक जुड़ाव का विषय है, जो राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करता है।
उन्होंने कहा कि असम रेजीमेंट से उनका आत्मीय जुड़ाव सदैव विशेष रहा है। रेजीमेंट का गौरवशाली इतिहास, वीरता, अनुशासन और समर्पण की परंपरा न केवल भारतीय सेना की शान है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी राष्ट्रहित में समर्पण और सेवा की प्रेरणा देती है।