यदि महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर लगाए गए मुकदमें नही लिए वापस तो होगा प्रदेश व्यापी आन्दोलनः आशा

देहरादून। गढ़वाल मंडल की नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा डोबरियाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत चारों नर्सिंग अभ्यर्थियों पर दर्ज मुकदमे को वापस नही लिए गए तो कांग्रेस इसके खिलाफ प्रदेश व्यापी आंदोलन चलाएगी।

आशा मनोरमा डोबरियाल ने कहा कि अगर जल्द मुकदमे वापस नहीं होते हैं तो महिला कांग्रेस एसएसपी कार्यालय का घेराव करने से भी पीछे नहीं हटेगी। सोमवार को उन्होंने पार्टी प्रदेश मुख्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए सरकार से ज्योति रौतेला समेत चारों नर्सिंग अभ्यर्थियों के खिलाफ सभी मुकदमे वापस लिए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार को जनहितों से कोई सरोकार नही है। इसलिए प्रदेशभर में समस्याओं का अंबार लगा है। सरकार की अनदेखी के कारण प्रदेशवासियों में हताशा और निराशा का माहोल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहितों से खिलवाड़ को बर्दाश्त नही करेगी। यदि भाजपा सरकार ने अपनी जनविरोधी कार्यशैली में बदलाव नही किया जो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आन्दोलन करेगी।

कांग्रेस नेत्री ने बताया कि  महिला कांग्रेस की गढ़वाल मंडल में विधानसभा क्षेत्रवार अध्यक्षों की नियुक्ति जल्द की जाएगी। इसको लेकर अपने सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार विमर्श करके जल्द ही सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में अध्यक्षों की नियुक्ति की जाएगी।  आशा डोबरियाल ने कहा कि आज प्रदेश की कानून व्यवस्था बुरी तरह से ध्वस्त हो गई है, तो दूसरी तरफ मानव वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ रही हैं। आम जनमानस बाघ, बंदर, सूअरों, भालूओं के हमलों से त्रस्त है। विशेषकर पर्वतीय क्षेत्र के रहने वाले निवासियों की खेती बाड़ी चैपट हो रही है।