उधम सिंह नगर। दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग और उत्तराखंड नार्काेटिक्स टीम ने संयुक्त कार्रवाई में एक पार्सल से 500 ग्राम अफीम बरामद की है। यह पार्सल उत्तराखंड के किच्छा से कनाडा भेजा जा रहा था। इस मामले में एक युवक और युवती को हिरासत में लिया गया है। जिनसे पूछताछ जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किच्छा स्थित एक कोरियर सेंटर से करीब एक सप्ताह पहले एक पार्सल कनाडा के लिए भेजा गया था। शुरुआती जांच में पार्सल सामान्य प्रतीत हुआ, लेकिन एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग द्वारा की गई गहन जांच में इसमें संदिग्ध सामग्री होने की आशंका हुई। इसके बाद जब पार्सल को खोला गया, तो उसमें छिपाकर रखी गई अफीम बरामद हुई। बताया जा रहा है कि तस्करों ने बेहद शातिर तरीके से अफीम को चार छोटे प्लास्टिक के स्टूल के पैरों के अंदर छिपाया था, ताकि सुरक्षा जांच को चकमा दिया जा सके। हालांकि, कस्टम अधिकारियों की सतर्कता के चलते इस तस्करी का पर्दाफाश हो गया। बरामदगी के बाद कस्टम विभाग ने पार्सल को उत्तराखंड नार्काेटिक्स विभाग की टीम को सौंप दिया। इसके बाद नार्काेटिक्स टीम पार्सल लेकर किच्छा पहुंची और मिगलानी इंटरप्राइजेज कोरियर सेंटर में जांच शुरू की। टीम ने पार्सल भेजने वाली लड़की को सूचना दी कि उसका पार्सल वापस आ गया है और उसे लेने के लिए बुलाया गया। सूचना मिलने पर संबंधित लड़की पार्सल लेने कोरियर सेंटर पहुंची, जहां पहले से ही नार्काेटिक्स विभाग और किच्छा पुलिस की टीम मौजूद थी. मौके पर ही उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई। इसके साथ ही, सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की गई, जिसमें एक लड़की और एक युवक पार्सल जमा करते हुए दिखाई दिए।फिलहाल नार्काेटिक्स विभाग की टीम दोनों संदिग्धों से गहन पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है. अधिकारियों का मानना है कि यह मामला किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है। इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियां और भी सतर्क हो गई हैं और एयरपोर्ट सहित कोरियर सेवाओं की जांच को और कड़ा करने की बात कही जा रही है।
सितारगंज सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि यह मामला दिल्ली में घटित हुआ है। मुकदमा वहां लिखा जाएगा। जांच में जो भी सहयोग होगा वह किया जाएगा।
