लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात कर समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण में अपना श्रेष्ठ योगदान देने का आह्वान किया। योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन।”
उन्होंने लिखा, ”श्रद्धेय ‘बापू’ का सत्यनिष्ठ आचरण, अहिंसा की उनकी अडिग साधना और मानवता के प्रति अनन्य करुणा संपूर्ण विश्व को सदैव आलोकित करती रहेंगी।” मुख्यमंत्री ने आह्वान किया, ”आइए, ‘बापू’ के आदर्शों को आत्मसात कर समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण में अपना श्रेष्ठ योगदान दें।” महात्मा गांधी की 1948 में आज ही के दिन नाथूराम गोडसे ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पुण्यतिथि के अवसर पर प्रदेश भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है जहां महात्मा गांधी के विचारों और योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। गौरतलब है कि 30 जनवरी 1948 की शाम महात्मा गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी । हे राम के अंतिम शब्दों के साथ बापू गिर पड़े और पूरा देश स्तब्ध रह गया था । इसी दिन को शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है, जो बलिदान, अहिंसा और सद्भाव की याद दिलाता है।
