ट्रंप का यू-टर्न, वेनेजुएला का जब्त तेल टैंकर लौटाने का किया ऐलान, दुनिया भर के कूटनीतिज्ञ हैरान

वाशिंगटनः अमेरिका ने वेनेजुएला से जुड़े एक जब्त तेल टैंकर को वापस सौंपने का फैसला किया है। पनामा के झंडे वाले इस टैंकर का नाम एम/टी सोफिया (M/T Sophia) है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, यह पहली बार है जब ट्रंप प्रशासन के दौरान जब्त किए गए किसी तेल टैंकर को वेनेजुएला को लौटाया जा रहा है।एम/टी सोफिया को 7 जनवरी 2026 को अमेरिका के कोस्ट गार्ड और सैन्य बलों ने समुद्र में रोका था। उस समय अमेरिकी प्रशासन ने इसे एक “स्टेटलेस और प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वाला डार्क फ्लीट टैंकर” बताया था।

अमेरिका का आरोप था कि यह जहाज वेनेजुएला के प्रतिबंधित तेल व्यापार से जुड़ा हुआ है। अमेरिका पिछले कुछ महीनों से वेनेजुएला के तेल निर्यात पर कड़ी कार्रवाई कर रहा है। इस अभियान के तहत 2025 के अंत से अब तक सात तेल टैंकरों को जब्त किया गया था। इन टैंकरों को वेनेजुएला के तथाकथित “शैडो या डार्क फ्लीट” का हिस्सा बताया गया, जो प्रतिबंधों से बचकर तेल की तस्करी करते हैं। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि एम/टी सोफिया को वापस करने का फैसला क्यों लिया गया।

यह भी साफ नहीं है कि जहाज में अब भी तेल मौजूद है या नहीं। इस फैसले को अमेरिका की अब तक की सख्त नीति से एक अचानक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम अमेरिका-वेनेजुएला संबंधों, वैश्विक तेल बाजार और प्रतिबंध नीति पर असर डाल सकता है। साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या अमेरिका वेनेजुएला के तेल मुद्दे पर अपनी रणनीति में नरमी लाने जा रहा है।