उत्तरायणी कौतिक की तैयारी: गीता पुष्कर धामी ने राज्यपाल को दिया निमंत्रण

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की धर्मपत्नी एवं सामाजिक कार्यकर्ता गीता पुष्कर धामी ने आज देहरादून स्थित लोकभवन में प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य आगामी 05 फरवरी से 08 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले “देहरादून उत्तरायणी कौतिक महोत्सव–2026” के लिए उन्हें औपचारिक रूप से आमंत्रित करना था।

यह महोत्सव ‘सेवा संकल्प फाउंडेशन’ के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षण देना और उसे नई पीढ़ी तक पहुँचाना। राज्यपाल ने बहुत ही आत्मीयता के साथ इस आमंत्रण को स्वीकार किया और महोत्सव की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

गीता पुष्कर धामी ने कहा कि यह महोत्सव देवभूमि की परंपराओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। राज्यपाल का अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण प्रदेश के युवाओं के लिए सदैव मार्गदर्शक रहा है, और उनकी गरिमामयी उपस्थिति इस आयोजन को एक नई ऊंचाई और ऊर्जा प्रदान करेगी।