देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अपने कैंप कार्यालय से ‘Lab on Wheels’ (Infosys Springboard) मोबाइल वैन को फ्लैग ऑफ किया। यह चलता-फिरता विज्ञान केंद्र प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों के छात्रों को आधुनिक तकनीक और विज्ञान के करीब लाएगा। यह एक विशेष रूप से डिजाइन की गई बस या मोबाइल वैन है, जो अत्याधुनिक तकनीकी उपकरणों से लैस है। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को केवल किताबों तक सीमित न रखकर ‘Learning by Doing’ (करके सीखना) के सिद्धांत पर व्यावहारिक ज्ञान देना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में संसाधनों की कमी के कारण छात्र व्यावहारिक शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। ‘Lab on Wheels’ इस दूरी को कम करेगी। यह वैन छात्रों को न केवल जागरूक करेगी, बल्कि उन्हें वैश्विक स्तर की संभावनाओं के लिए तैयार करेगी ताकि उत्तराखंड के युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर विधायक श्रीमती सविता कपूर, प्रमोद नैनवाल, उच्च शिक्षा उन्नयन समिति के उपाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र भसीन, डॉ. जयपाल सिंह चौहान, सचिव उच्च शिक्षा डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा सहित इंफोसिस के प्रतिनिधि और शिक्षा विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
